स्थानीय थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग गांवों में हुई हत्या की घटनाओं में फरार चल रहे दो आरोपी सोमवार को पुलिस टीम के हत्थे चढ़े गए।
पकड़े गए दोनों आरोपियों में से एक पर पत्नी व दूसरे पर पति की हत्या का आरोप है। अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार दोनों आरोपियों का चालान सोमवार को न्यायालय भेजा गया।
गौरीगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक परशुराम ओझा के नेतृत्व की पुलिस टीम ने दो हत्या आरोपियों को अलग-अलग स्थान से धर दबोचा। गिरफ्तार दोनों आरोपियों में से बरकटहा मजरे बारीपुर निवासी पुष्पा देवी पर अपने पति प्रमोद पांडेय (10 अक्टूबर 2019) व खेतई का पुरवा मजरे बाहापुर निवासी धर्मेंद्र कुमार मिश्र पर अपनी पत्नी ममता की हत्या (14 अगस्त 2018) करने का आरोप है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ गौरीगंज थाने में दर्ज हत्या के केस के बाद पुष्पा पर दस हजार व धर्मेंद्र पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस से बचने के लिए दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
दोनों की गिरफ्तारी के बाद एएसपी दयाराम सरोज सोमवार दोपहर मीडिया से मुखातिब हुए। एएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करनी वाली टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।